Tuesday, September 5, 2023

सुलभ शौचालय कांट्रेक्‍टर की चाकू मारकर हत्‍या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

राजधानी के आनंद पर्वत इलाके में आज सुबह एक कॉन्ट्रेक्टर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. इस हत्या में मृतक की पहचान 42 साल के पप्पू के रूप में हुई है. वह सुलभ शौचालय का कांट्रेक्‍टर था. घटना के कुछ ही घंटे के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान अंकित के रूप में की गई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी बहन की मौत का बदला लेने के लिए कांट्रेक्‍टर की हत्‍या को अंजाम दिया. 

पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह बलजीत नगर के पंजाबी बस्ती स्थित होली चौक पर हत्‍या की वारदात हुई. पुलिस को सुबह 6:00 बजे इस मामले की सूचना मिली थी, जबकि वारदात सुबह करीब साढे पांच बजे हुई. मृतक पप्पू दिल्‍ली के शास्त्री नगर इलाके में रहता था, जबकि वह मूलतः उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का निवासी था और सुलभ शौचालय के कांट्रेक्‍ट लेने का काम करता था. आरोपी ने चाकू से वारकर पप्‍पू की हत्‍या कर दी. 

इस हत्या के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने हत्यारे अंकित को गिरफ्तार कर लिया. सूत्रों ने बताया कि अंकित ने पप्पू की हत्या अपनी बहन की मौत का बदला लेने के लिए की थी. पप्पू, अंकित की बहन से प्यार किया करता था और बाद में उसने उसको छोड़ दिया, जिसके चलते अंकित की बहन ने आत्महत्या कर ली थी. 

सूत्रों के मुताबिक, अंकित अपनी बहन की आत्महत्या के लिए पप्पू को जिम्‍मेदार मानता था. इसी के चलते उसने सोमवार सुबह पप्पू की चाकू मारकर हत्या कर दी. 

ये भी पढ़ें :

* मुंबई के अपार्टमेंट में मृत पाई गई फ्लाइट अटेंडेंट, गला रेता हुआ था, आरोपी अरेस्ट
* आंध्र प्रदेश : नाले में मिली नवजात बच्ची, स्थानीय लोगों ने कुछ यूं बचाई जान
* खुद को अफसर बताकर LG वीके सक्सेना के आवास में घुसने वाले दो व्यक्ति गिरफ्तार



from NDTV India - Latest https://ift.tt/t9K4ndP

Oppenheimer Box Office: विवादों के बावजूद 13 दिन में ओपेनहाइमर ने तोड़ डाला मिशन इम्पॉसिबल 7 का ये रिकॉर्ड

Oppenheimer Box Office collection Day 13: बॉक्स ऑफिस पर भले ही बॉलीवुड फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी और साउथ फिल्म ब्रो की चर्चा जोरों पर है. लेकिन हॉलीवुड फिल्में मिशन इम्पॉसिबल 7 और ओपेनहाइमर भी लगातार कलेक्शन करती दिख रही है. इसी बीच क्रिस्टोफर नोलन की ओपेनहाइमर ने केवल 13 दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा हासिल कर लिया है. जबकि मिशन इम्पॉसिबल ने 21 दिनों में यह आंकड़ा कायम किया था. हालांकि अब नई रिलीज फिल्मों के कारण दोनों की कमाई कम होती जा रही है. 

21 जुलाई को रिलीज हुई ओपेनहाइमर ने 13वें दिन यानी दूसरे बुधवार को 2.60 करोड़ की शुरुआती कमाई की है, जिसके बाद फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 100.30 कलेक्शन हो गया है. वहीं मिशन इम्पॉसिबल 7 यानी मिशन इम्पॉसिबल डेड रेकनिंग पार्ट वन की बात करें तो फिल्म रिलीज हुई 22 दिन बीच चुके हैं. और फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा 18 दिनों में हासिल किया था. जबकि 22 दिनों में फिल्म की कमाई 103.85 करोड़ से ज्यादा हो गया है.  

गौरतलब है कि क्रिस्टोफर नोलन के महाकाव्य पर आधारित इस फिल्‍म का एक दृश्य कुछ भारतीय फिल्म प्रेमियों को पसंद नहीं आया. दरअसल, फिल्‍म के एक कंट्रोवर्शियल सीन में रॉबर्ट ओपेनहाइमर (सिलियन मर्फी) सेक्स करते समय भगवद् गीता पढ़ रहा है. वहीं इस पर भारत सरकार के सूचना आयुक्त उदय माहुरकर ने 'सेव कल्चर सेव इंडिया फाउंडेशन' की एक प्रेस विज्ञप्ति में अपनी नाराजगी जताई थी. इसके कारण सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर फैंस का गुस्सा भी देखने को मिला था.

एयरपोर्ट पर फैन के घुटनों के बल झुकने पर शरमा गईं श्रद्धा कपूर



from NDTV India - Latest https://ift.tt/ci8VZzX

Monday, September 4, 2023

खुद को अफसर बताकर LG वीके सक्सेना के आवास में घुसने वाले दो व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना के निवास में खुद को अफसर बताकर घुसने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. यह घटना करीब एक हफ्ते पहले हुई थी. दोनों आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं.  आरोपियों के नाम अभिमन्यु सेठी और अभिषेक हैं. 

अभिमन्यु ने खुद को आईएएस अफसर और अभिषेक ने खुद को एक एमपी का पीए बताया था. दोनों उप राज्यपाल के स्टाफ से मिले. स्टाफ को उन पर शक हुआ तो पुलिस को बुलाया. आरोपियों का कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है.

पुलिस ने बतायाकि, " आरोपियों के खिलाफ धारा 419 के तहत मामला दर्ज किया गया है." मामले की आगे की जांच जारी है.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/oAPUfYF

हार्ट अटैक से उबरे कर्नाटक के पूर्व सीएम कुमारस्वामी ने कहा : मुझे मिला ‘तीसरा जन्म’

समय से उपचार मिलने के कारण हृदयाघात से उबरे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने रविवार को कहा कि यह उनका ‘तीसरा जन्म' है. अपने ठीक होने का श्रेय ईश्वर और उनका उपचार करने वाले डॉक्टरों के दल को देते हुए जनता दल सेक्युलर (JDS) के दूसरे प्रमुख नेता कुमारस्वामी ने कहा कि राज्य के लोगों के बीच बने रहने के लिए उन्हें नया जीवनदान मिला है.

अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले उन्होंने लोगों से दिल के दौरे और पक्षाघात को हल्के में नहीं लेने की अपील की. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले पांच दिनों से मेरे कुछ मित्र डरे हुए हैं. यदि मैं आपसे बातचीत कर रहा हूं तो मैं यह जरूर कहूंगा कि मेरा पुनर्जन्म हुआ है.''

उन्होंने कहा , ‘‘जहां तक मेरे स्वास्थ्य की बात है, तो ईश्वर ने मुझे तीसरा जन्म दिया है. किसी व्यक्ति को एक जन्म मिलता है , लेकिन मेरे मामले में मेरी राय है कि 64 साल की उम्र में मुझे तीसरा जन्म मिला है.''

कुमारस्वामी को 30 अगस्त को अस्पताल में भर्ती किया गया था

कुमारस्वामी को 30 अगस्त को तड़के शहर के एक नामी-गिरामी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और वह पूरी तरह ठीक हैं.

अस्पताल में भर्ती से जुड़े घटनाक्रम को याद करते हुए जेडीएस नेता ने कहा कि 30 अगस्त को रात करीब दो बजे उनकी नींद खुली और उन्हें लगा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है.

उन्होंने बताया कि उन्होंने तुरंत अपने रिश्तेदार एवं मशहूर हृदयचिकित्सक डॉ सीएन मंजूनाथ से संपर्क किया जिन्होंने एक स्नायु-विशेषज्ञ से परामर्श किया, स्नायु विशेषज्ञ ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी.

लक्षण सामने आने पर एक भी मिनट बर्बाद न करें

कुमारस्वामी ने लोगों से ऐसे लक्षण सामने आने पर एक भी मिनट बर्बाद नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे रात करीब दो बजे पक्षाघात के लक्षणों का आभास हुआ. यदि मैंने उसकी अनदेखी की होती और यह कहा होता कि मैं सुबह में डॉक्टर के पास चला जाऊंगा तो मुझे अपनी बाकी जिंदगी बिस्तर पर लेटे हुए ही काटनी पड़ती.''

उन्होंने कहा कि कभी यह मत सोचें कि डॉक्टर पैसे बनाने के लिए काम कर रहे हैं क्योंकि जब मरीज उनके पास पहुंचता है तो वे ईमानदारी से उसे बचाने की कोशिश में लग जाते हैं.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/PDYBXqA

Sunday, September 3, 2023

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में नहीं होंगे शामिल

नई दिल्ली: यह लगभग तय माना जा रहा है कि चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग अगले सप्ताह भारत में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे. सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी. सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ली कियांग जी-20 शिखर सम्मेलन में चीन का प्रतिनिधित्व करेंगे.

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अवगत करा चुके हैं कि शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए उनके लिए भारत की यात्रा करना संभव नहीं होगा. पुतिन ने कहा था कि वह यूक्रेन में चलाए जा रहे ‘विशेष सैन्य अभियान' पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं.

रूसी राष्ट्रपति पिछले साल नवंबर में भी जी-20 के बाली शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं हुए थे. उन्होंने कहा कि अतीत में कई नेता विभिन्न कारणों से जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं हुए थे और यह मेजबान देश के बारे में कुछ भी नहीं दर्शाता है.

भारत समूह के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में नयी दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को वार्षिक जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा.

सूत्रों ने कहा, ‘‘ चीनी राष्ट्रपति जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत नहीं आ रहे हैं. प्रधानमंत्री ली कियांग के चीन का प्रतिनिधित्व करने की संभावना है.''

ये भी पढ़ें :

VIDEO: दुकान के सामने से नहीं हटने पर महिला के चेहरे पर मारी लात, रॉड से पीटा; 4 आरोपी गिरफ्तार
स्कूल में प्रताड़ना से तंग आकर 14 साल की छात्रा ने लगाई फांसी, 2 टीचरों पर केस दर्ज
साइबर क्राइम सिटी बना नोएडा, फर्जी कॉल सेंटर के जरिए ठगने वाले 84 गिरफ्तार



from NDTV India - Latest https://ift.tt/Q6Kleb3

चंद्रयान-3: चांद पर टास्क पूरा कर स्लीप मोड में गया रोवर, ISRO ने दी जानकारी

नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आज कहा कि चंद्रयान-3 मिशन के रोवर प्रज्ञान ने अपना काम पूरा कर लिया है. इसरो ने एक्स, पूर्व में ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, रोवर को सुरक्षित रूप से पार्क कर दिया गया है और स्लीप मोड में डाल दिया गया है.

इसरो ने कहा, "वर्तमान में, बैटरी पूरी तरह से चार्ज है. सौर पैनल 22 सितंबर, 2023 को अपेक्षित अगले सूर्योदय पर प्रकाश प्राप्त करने के लिए तैयार है. रिसीवर चालू रखा गया है." अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा,  अगले असाइनमेंट के लिए रोवर सफलतापूर्वक स्लीप मोड से बाहर आएगा. अन्यथा, यह हमेशा भारत के चंद्र राजदूत के रूप में वहीं रहेगा."

इसरो ने कहा कि एपीएक्सएस और एलआईबीएस पेलोड को बंद कर दिया गया है और इन पेलोड से डेटा लैंडर विक्रम के माध्यम से पृथ्वी पर भेजा जाता है.

गौरतलब है कि Pragyan रोवर लगातार चांद के दक्षिणी ध्रुव पर खोजबीन कर रहा है. रोवर पर लगे लेजर इंड्यूस्ड ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोप की मदद से उसने चांद की सतह पर सल्फर की खोज की है. इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन ने इसकी जानकारी दी है. इसरो ने कहा है कि प्रज्ञान पर लगे इंस्‍ट्रूमेंट ने सल्फर के अलावा चांद पर एल्युमिनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटेनियम, मैंग्नीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का भी पता लगाया है.

ये भी पढ़ें :
महाराष्‍ट्र : बीड में बाल विवाह के खिलाफ एक्‍शन में प्रशासन, इस साल 160 मामलों को रोका
महाराष्‍ट्र : बकरी और कबूतर चुराने के आरोप में दलित युवकों को उल्‍टा लटकाकर लाठियों से पीटा
" जो लोग रोजाना मछली का सेवन करते हैं...": महाराष्‍ट्र के मंत्री के बयान पर विवाद



from NDTV India - Latest https://ift.tt/K7IO49r

रेल यात्री कृपया ध्यान दें! जी-20 समिट के चलते दिल्ली से जाने और आने वाली 250 से ज्‍यादा ट्रेनें प्रभावित

जी-20 शिखर सम्‍मेलन को लेकर दिल्‍ली में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच रही हैं. हालांकि शिखर सम्‍मेलन का रेल यातायात पर व्‍यापक असर देखने को मिलेगा. नॉर्दन रेलवे ने बताया है कि दिल्‍ली से आने और जाने वाली करीब ढाई सौ ट्रेनों पर जी-20 का असर होगा. इसके चलते 207 ट्रेनों को कैंसिल करने का निर्णय लिया गया है. रेल यातायात पर यह असर 8 सितंबर से 10 सितंबर के मध्‍य देखा जाएगा. दिल्‍ली में जी-20 का शिखर सम्‍मेलन 9 और 10 सितंबर को होना है. 

नॉर्दन रेलवे के मुताबिक, 9 सितंबर को 90 से ज्यादा ट्रेनें रद्द की गई हैं. वहीं इसके अगले दिन 10 सितंबर को भी 100 से ज्यादा यात्री ट्रेनें रद्द रहेंगी. इसके साथ ही 15 ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव किया गया है. वहीं 6 ट्रेन अलग रूट से निकलेंगी यानी इनका मार्ग परिवर्तन किया गया है. इसके साथ ही 36 ट्रेनें ऐसी हैं, जो अपने गंतव्‍य से पहले के स्‍टेशनों तक ही जाएगी. 

रेलवे के मुताबिक, जिन ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, उनमें से अधिकतर ट्रेनें दिल्ली से हरियाणा के सोनीपत-पानीपत, रोहतक, रेवाड़ी और पलवल रूट पर चलती हैं. इसके अलावा, दिल्ली-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल और रेवाड़ी-दिल्ली एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेनें 11 सितंबर को रद्द रहेंगी.

साथ ही उस अवधि के दौरान जिन ट्रेनों का आगमन या प्रस्‍थान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से है, उनमें से कई ट्रेनें अब गाजियाबाद या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों तक ही आएंगी या यहां से चलेंगी. 

नई दिल्ली जी-20 शिखर सम्मेलन में समूह के इतिहास की "सबसे बड़ी भागीदारी" देखी जाएगी, जिसमें सदस्य देशों के नेताओं और आमंत्रित देशों के अतिथियों के प्रवास सहित मेगा कार्यक्रम के आयोजन की व्‍यवस्‍था की जाएगी. 

ग्रुप ऑफ ट्वेंटी (जी20) में 19 देश शामिल हैं - अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, अमेरिका, यूके और यूरोपीय संघ.

ये भी पढ़ें :

* G-20: वायुसेना हवाई क्षेत्र सुरक्षित बनाने के लिए लड़ाकू विमान, एंटी-ड्रोन सिस्टम कर रही है तैनात
* फ्लाइट में बैठकर खैनी रगड़कर चबा गए 'चचा', Video देख नहीं रुकेगी हंसी
* "हम सो रहे थे, अचानक चीख-पुकार मचने लगी और फिर...', मदुरै ट्रेन हादसे के घायलों ने सुनाई आपबीती



from NDTV India - Latest https://ift.tt/Gvy1Lze

आम नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकियों के दो मददगारों को NIA ने किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस साल जनवरी में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के ढांगरी गांव में पांच निर्दोष नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकवादियों को शरण देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
 
निसार अहमद उर्फ हाजी निसार और मुश्ताक हुसैन नाम के दोनों आरोपियों को एनआईए ने गुरुवार को गिरफ्तार किया. उन्हें शुक्रवार को जम्मू में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया. दोनों को 12 दिन की एनआईए हिरासत में भेज दिया गया है. 

दोनों आरोपी वर्तमान में पुलिस स्टेशन गुरसाई, मेंढर, जिला पुंछ में दर्ज एक अन्य मामले में सेंट्रल जेल, कोट भलवाल, जम्मू में बंद थे.
 
ढांगरी गांव में एक जनवरी, 2023 को अज्ञात आतंकवादियों के हमले में पांच लोगों की मौत हो गई थी और अन्य कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए थे. 

एनआईए की जांच से पता चला कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी उन आतंकवादियों को शरण देने में शामिल थे जिन्होंने नागरिकों की हत्याओं को अंजाम दिया था. उन्होंने आतंकवादियों को दो महीने से अधिक समय तक रसद सहायता दी थी और उन्हें एक ठिकाने में आश्रय दिया था. इस ठिकाने का निर्माण पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आकाओं सैफुल्ला उर्फ साजिद जट्ट के निर्देश पर इन आरोपियों ने किया था. 

राजौरी जिले के ढांगरी में नागरिकों की हत्या के मामले की जांच के दौरान एनआईए अधिकारियों की एक टीम ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी, पुंछ और रियासी जिलों के पहाड़ी इलाकों में काफी समय तक डेरा डाला और बड़ी संख्या में लोगों से पूछताछ की. संदिग्धों की पहचान की गई और बाद में आरोपियों पर ध्यान केंद्रित किया गया. मामले की आगे की जांच जारी है.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/JHQit5m

Saturday, September 2, 2023

उत्तर प्रदेश में शुरू हुआ 'फोन घुमाओ अभियान', बिजली बिल समय पर जमा कराने का किया जा रहा आग्रह

उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्‍ताओं से संपर्क के लिए 'फोन घुमाओ अभियान' शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत उपभोक्ताओं से बिजली सम्बन्धी जानकारी प्राप्त करने के साथ ही बिजली उपभोग की राशि समय पर जमा करने का आग्रह किया जा रहा है. यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा. इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन एवं संबंधित वितरण निगमों के प्रबंध निदेशकों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं. 

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष गोयल के अनुसार, उपभोक्ता हमारे लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं. उनसे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी संपर्क करेंगे. साथ ही उनकी बिजली संबंधी समस्‍याओं का त्वरित निस्तारण करवाया जाएगा. साथ ही उन्‍होंने बताया कि उपभोक्‍ताओं को बिजली बिलों को समय पर जमा कराने का आग्रह किया जाएगा, जिससे प्रदेश की बिजली व्‍यवस्‍था को और बेहतर बनाया जा सके. 

इन्‍हें रोजाना करने होंगे इतने फोन  
इस अभियान में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष, प्रबन्ध निदेशक, निदेशक तथा वितरण निगमों के प्रबन्ध निदेशक प्रतिदिन 10 उपभोक्ताओं से फोन पर सम्पर्क करेंगे. इसी तरह सभी डिस्काम के निदेशक और डिस्काम मुख्यालय पर तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी 15 उपभोक्ताओं से सम्पर्क करेंगे. मुख्य अभियन्ता वितरण, उपखण्ड अधिकारी वितरण और अवर अभियन्ता वितरण 30 उपभोक्ताओं से फोन मिलाकर उनसे जानकारी प्राप्त करेंगे. साथ ही उन्हें समय से अपना बिजली बिल जमा करने का आग्रह करेंगे. अधीक्षण अभियन्ता (वितरण) 35, अधिशाषी अभियन्ता वितरण 50, टेक्नीशियन तथा एसएसओ 50, संविदा कर्मी 20 तथा जोन, मण्डल, खण्ड, मुख्यालय पर तैनात समस्त अधिकरी एवं कर्मचारी 20 उपभोक्ताओं से फोन पर सम्पर्क करेंगे. 

ये भी पढ़ें :

* केंद्रीय मंत्री के घर पर शख्स की गोली लगने से मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
* यूपी : शिक्षक ने छात्रा की गरीबी और निचली जात से होने पर की टिप्पणी, बच्ची की आत्महत्या -पुलिस
* मास्टर जी ने स्कूल में बच्चों के साथ 'ताल से ताल' मिलाते हुए किया गजब डांस, जमकर हो रही तारीफ, Video वायरल



from NDTV India - Latest https://ift.tt/XemWJZI

तेलंगाना चुनाव नजदीक आने के साथ क्या वाईएस शर्मिला की बढ़ रही कांग्रेस से नजदीकी?

तेलंगाना चुनाव से पहले सभी की निगाहें कांग्रेस पर हैं क्योंकि वह विपक्षी नेता वाईएस शर्मिला के साथ मिलकर सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति के खिलाफ वोटों को मजबूत करने की जुगत लगाने की कोशिश में है. वाईएसआर तेलंगाना पार्टी के नेता ने दिल्ली में कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की, लेकिन इसके बाद उन्होंने विलय की अटकलों की न तो पुष्टि की है और न ही इनकार किया है.

इसके अलावा, बार-बार यह कहने के बावजूद कि उनका ध्यान तेलंगाना पर है, चर्चा है कि शर्मिला, जो कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं, अगले साल जब उनके भाई के राज्य में चुनाव होगा, पारिवारिक सीमा लांघ सकती हैं.

उन्होंने कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत के बाद संवाददाताओं से कहा, ''सोनिया गांधी, राहुल गांधी से मुलाकात हुई... रचनात्मक चर्चा हुई. वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी तेलंगाना के लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम करेगी.'' उन्होंने कहा, ''मैं एक बात कह सकती हूं ...केसीआर (तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव) की उलटी गिनती शुरू हो गई है.''

शर्मिला ने जोर देकर कहा कि उनका "एक सूत्री एजेंडा तेलंगाना में केसीआर के शासन को समाप्त करना है."

कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी शर्मिला ने वाईएसआर परिवार या ''राजन्ना राज्यम'' को राज्य में लाने के वादे के साथ जुलाई 2021 में वाईएसआरटीपी की शुरुआत की थी. इसमें वे और उनकी पार्टी दोनों चुनावी रूप से शामिल हैं. वे सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधने के लिए तेलंगाना में 3,800 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकली थीं.

दिल्ली यात्रा के बाद उन्होंने कहा, "मेरे सारे प्रयास तेलंगाना के लिए हैं. मैं लोगों की स्थिति में सुधार के लिए सब कुछ कर रही हूं.  इसलिए तेलंगाना के गठन से उन्हें फायदा होगा."

पार्टी गांधी परिवार से मुलाकात से अनभिज्ञ

दिलचस्प बात यह है कि संपर्क करने पर वाईएसआरटीपी के प्रवक्ता कोंडा राघव रेड्डी ने कहा कि वे पार्टी की वरिष्ठ नेता शर्मिला की दिल्ली में गांधी परिवार से मुलाकात के बारे में अनभिज्ञ थे.

वाईएसआरटीपी प्रमुख ने हाल ही में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की है. तब चर्चा राज्यसभा सीट हासिल करने या आंध्र प्रदेश में अपने भाई को टक्कर देने में मदद को लेकर थी.

रेड्डी ने अपनी बहन की राजनीतिक गतिविधियों से खुद को दूर कर लिया है. अपने पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने सितंबर 2009 में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी लॉन्च करने के लिए कांग्रेस से नाता तोड़ लिया था और वे अपनी बहन की पार्टी के लॉन्च में शामिल नहीं हुए थे.

वाईएसआरटीपी और कांग्रेस कैसे काम करेंगी?

यदि शर्मिला वास्तव में कांग्रेस में विलय करती हैं, तो इससे उन इलाकों में बीआरएस विरोधी वोटों को मजबूत करने में मदद मिल सकती है, जहां उनकी भावनात्मक अपील है, खास तौर पर वाईएसआर के वफादारों के बीच. हो सकता है कि वह खम्मम के पलेयर से चुनाव लड़ना चाहती हों, जहां कांग्रेस का कुछ प्रभाव है, लेकिन प्रोफ़ाइल को बढ़ावा देने की आवश्यकता हो सकती है. वैकल्पिक रूप से वह सिकंदराबाद से भी भाग्य आजमा सकती हैं.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/csJtnE7

युद्धपोत ‘महेंद्रगिरि’ का जलावतरण, उपराष्‍ट्रपति ने बताया समुद्री सुरक्षा के लिए मील का पत्‍थर

भारतीय नौसेना अपनी ताकत में लगातार इजाफा कर रही है. मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) द्वारा निर्मित ‘स्टील्थ' युद्धपोत ‘महेंद्रगिरि' का शुक्रवार को मुंबई में जलावतरण किया गया. इस युद्धपोत का नाम ओडिशा में पूर्वी घाट में सबसे ऊंची पर्वत चोटी के नाम पर रखा गया है. यह युद्धपोत ‘परियोजना 17-ए' के तहत निर्मित सातवां जहाज है.  यह युद्धपोत उन्नत युद्धक प्रणालियों, अत्याधुनिक हथियारों, सेंसर और प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट सिस्टम से लैस है. इस दौरान आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि थे. इस मौके पर उनकी पत्नी सुदेश भी मौजूद थीं. धनखड़ ने कहा कि यह उचित है कि युद्धपोत का जलावतरण मुंबई जैसे शहर में हुआ. उन्‍होंने इसे देश की समुद्री सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया.     

धनखड़ ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि जलावतरण के बाद ‘महेंद्रगिरि' भारत की समुद्री शक्ति के दूत के रूप में समुद्र में पूरे गर्व से तिरंगा लहराएगा.''

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरे विश्वास के साथ हमारे सुरक्षा बल को बधाई देता हूं. वे दुनिया की सुरक्षा के लिए व्यापक रूप से खुद को बेहतर बनाना जारी रखेंगे.''

उन्होंने कहा, ‘‘सेना, नौसेना और वायुसेना में 10,000 से अधिक महिला कर्मियों की मजबूत उपस्थिति के साथ भारतीय सशस्त्र बल ने लैंगिक समानता की दिशा में भी काफी प्रगति की है.''

‘महेंद्रगिरि' के जलावतरण को देश के समुद्री इतिहास में उल्लेखनीय मील का पत्थर बताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह ‘परियोजना 17-ए' के तहत निर्मित नीलगिरि श्रेणी के युद्धपोत बेड़े का सातवां और आखिरी युद्धपोत है.''

उन्होंने कहा, ‘‘ ‘आत्म निर्भरता' की दिशा में हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता के तहत ‘नीलगिरि' श्रेणी के उपकरणों और प्रणालियों के लिए 75 प्रतिशत ऑर्डर स्वदेशी कंपनियों को दिए गए.''

धनखड़ ने कहा कि ‘महेंद्रगिरि' का जलावतरण नौसेना को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में की गई हमारे राष्ट्र की अतुलनीय प्रगति का उपयुक्त उदाहरण है.''

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा कि महेंद्रगिरि नौसेना के बढ़ते बेड़े के लिए मूल्यवान साबित होगा. उन्होंने कहा, ‘‘गतिशीलता, पहुंच और लचीलेपन जैसी विशेषताओं के साथ पोत की विविधता महेंद्रगिरि को भारत की समुद्री शक्ति का एक बेजोड़ हथियार बनाएगी.''

मेक इन इंडिया की तारीफ 
धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया' पहल की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में निवल सुरक्षा प्रदाता के रूप में उभरा है. 

पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियां लगातार बनी हुई : एडमिरल आर हरि कुमार
एडमिरल कुमार ने कहा कि युद्धपोत का जलावतरण एक महत्वपूर्ण समय पर हुआ है. उन्होंने कहा कि राष्ट्र की आकांक्षात्मक गति को बनाए रखने के लिए सुरक्षा की एक सुनिश्चित छतरी की आवश्यकता बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियां लगातार बनी हुई हैं. उन्‍होंने कहा कि समुद्री डकैती, नशीली दवाओं की तस्करी और प्राकृतिक आपदाओं जैसी गैर-पारंपरिक चुनौतियों का संकट भी जारी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण ‘सागर' से प्रेरित होकर नौसेना ना केवल भारत के राष्ट्रीय समुद्री हितों को आगे बढ़ाने, उनकी रक्षा करने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए सेवारत है, बल्कि क्षेत्र में सभी को प्रभावित करने वाले सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए भी सक्रिय है. जलावतरण समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे. 

सेल ने की 28,000 टन स्टील की आपूर्ति
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हाल ही में भारत की  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा लॉन्च "विंध्यगिरि" नामक छठे युद्धपोत के निर्माण के लिए भी समान मात्रा में विशेष स्टील की आपूर्ति की थी. P17 A परियोजना के तहत मेसर्स मझगांव डॉक लिमिटेड द्वारा कुल चार जहाजों और मेसर्स जीआरएसई द्वारा तीन जहाजों का निर्माण शामिल है. मझगांव डॉक लिमिटेड द्वारा तीन जहाजों का लांच सितंबर 2019 और सितंबर 2022 के बीच हुआ, जबकि मेसर्स जीआरएसई ने दिसंबर 2020 और अगस्त 2023 के बीच तीन जहाजों को सफलतापूर्वक लॉन्च किया. इन जहाजों के लिए स्टील आपूर्ति के मामले में सेल का योगदान लगभग 28,000 टन है. 

ये भी पढ़ें :

* भारतीय नौसेना को मिला जंगी जहाज 'विंध्यगिरि', जानें- इसकी खासियत
* SAIL ने स्वदेशी युद्धपोत "विंध्यगिरि" के निर्माण के लिए 4000 टन स्पेशल स्टील की आपूर्ति की
* नौसेना ने हिंद महासागर में चीन से बढ़ती चुनौतियों के बीच अरब सागर में अभ्यास किया



from NDTV India - Latest https://ift.tt/Ept230n

Friday, September 1, 2023

मुंबई में INDIA का महाजुटान : सीट शेयरिंग पर हुई बात, आज LOGO और संयोजक का होगा ऐलान; 10 बातें

  1. मुंबई में 1 सितंबर को सुबह 10 बजे से विपक्षी गठबंधन की आधिकारिक बैठक शुरू होगी. इसमें गठबंधन का लोगो (LOGO) और कन्वीनर (संयोजक) का नाम सामने आ सकता है. पहले दिन की मीटिंग में तय हुआ कि सीट शेयरिंग पर 30 सितंबर तक फैसला लिया जाएगा.
  2. मीटिंग में सीट शेयरिंग पर चर्चा होनी है. इसमें 11 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी को भी अंतिम रूप दिया जाएगा. इसमें कांग्रेस, TMC, DMK, आप, JDU, RJD, शिवसेना (यूबीटी), NCP, झारखंड मुक्ति मोर्चा, समाजवादी पार्टी और CPI(M) से एक-एक सदस्य होंगे.
  3. इस मीटिंग में 2024 लोकसभा चुनावों को देखते हुए संयुक्त विरोध प्रदर्शनों और रैलियों को आयोजित करने के एक अन्य पैनल की घोषणा करने की भी संभावना है. विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए एक संयुक्त सचिवालय की भी जल्द घोषणा की जाएगी.
  4. 31 अगस्त को पहले दिन की मीटिंग खत्म होने के बाद आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा, "बीजेपी को I.N.D.I.A गठबंधन से डर है. वे I.N.D.I.A शब्द से नफरत कर रहे हैं. इसे आतंकी संगठनों से जोड़ रहे हैं. उन्हें इस बात को लेकर भी डर है कि कहीं गठबंधन सफल ना हो जाए."
  5. शिवसेना(UBT) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि गठबंधन के नेता संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए साथ आए हैं. सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन को जैसा रिस्पॉन्स मिल रहा है, उससे पीएम मोदी और भाजपा सकते में आ गए हैं.
  6. NCP (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने कहा, "I.N.D.I.A गठबंधन को उन चुनौतियां का सामना करना पड़ेगा, जो मोदी सरकार की नीतियों के कारण पैदा हुई हैं. इन्हीं के चलते देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है. बीजेपी को गठबंधन के नाम से दिक्कत है, इसका मतलब है कि हम अच्छा कर रहे हैं."
  7. डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन ने पूरे देश को नई उम्मीद दी है. जनता इसको लेकर बहुत पॉजिटिव है कि यह गठबंधन बदलाव लेकर आएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि यह देश वैसा ही होगा, जैसा उसे होना चाहिए. 
  8. विपक्षी दलों की गठबंधन में शामिल होने पहुंचे जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगर आप मुझसे पूछें तो मेरा मानना है कि हमें प्रधानमंत्री का चेहरा घोषित करने की जरूरत नहीं है.
  9. I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक के बाद दिल्ली और पंजाब के सीट बंटवारे का मुद्दा उठाने को लेकर पूछे जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "सीट शेयरिंग तो पूरे देश में ही होगी, हर जगह होगी. हमने कहा सब जगह ऐसा काम होना चाहिए."
  10.  I.N.D.I.A गठबंधन की कल होने वाली बैठक पर शिवसेना (UBT) नेता सचिन अहिर ने कहा कि एजेंडा एक ही है- देश को एकजुट करना है. जिस तरह से देश में लोकतंत्र खतरे में है, महंगाई और जनता से जुड़े मामले हैं, उसमें यह सरकार विफल हो गई है. विभिन्न मुद्दों को लेकर बने इस मोर्चे की आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हम कैसे एक साथ आए और क्या करना चाहिए- इन सब पर कल चर्चा होगी.


from NDTV India - Latest https://ift.tt/a6HciUY

अदाणी समूह ने OCCRP के सभी आरोपों को खारिज किया, कहा - फिर मुनाफ़ा कमाने की हो रही कोशिश

अदाणी समूह ने ऑर्गेनाइडज़्ड क्राइम एंड करप्शन रिपर्टिंग प्रोजेक्ट (OCCRP) द्वारा लगाए गए छिपे विदेशी निवेशकों के 'दोबारा थोपे गए' आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज किया है. समूह ने एक बयान जारी कर कहा, "ये समाचार रिपोर्टें हिंडनबर्ग की नाकारा रिपोर्ट को दोबारा हवा देने के लिए विदेशी मीडिया के एक वर्ग के समर्थन से जॉर्ज सोरोस-फंडेड OCCRP की एक और कोशिश प्रतीत होती है... दरअसल, यही उम्मीद थी, जब पिछले हफ़्ते मीडिया ने यही आशंका जताई थी..."

अदाणी समूह ने कहा कि एक स्वतंत्र निर्णायक प्राधिकारी और एक अपीलीय न्यायाधिकरण - दोनों ने पुष्टि की है कि मूल्यांकन को बढ़ा-चढ़ाकर नहीं दिखाया गया और लेनदेन लागू कानूनों के अनुसार किए गए थे.

बयान में आगे कहा गया, "चल रही नियामक प्रक्रिया का सम्मान करना अहम है... हमें कानून की उचित प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और हम अपने खुलासों की गुणवत्ता और कॉरपोरेट प्रशासन मानकों के प्रति आश्वस्त हैं... इन तथ्यों के प्रकाश में इन समाचार रिपोर्टों का समय संदिग्ध, शरारतपूर्ण और दुर्भावनापूर्ण है, और हम इन रिपोर्टों को पूरी तरह खारिज करते हैं..."

सुप्रीम कोर्ट ने अदाणी समूह के पक्ष में फैसला सुनाया था और मामला मार्च, 2023 में बंद कर दिया गया था. समूह के मुताबिक, "स्पष्ट रूप से चूंकि कोई अधिक मूल्यांकन नहीं पाया गया था, इसलिए धन के लेनदेन को लेकर लगे इन आरोपों की कोई प्रासंगिकता या आधार नहीं है..."

समूह ने कहा, OCCRP द्वारा किए गए ये दावे "एक दशक पहले के बंद मामलों पर आधारित हैं, जब राजस्व खुफिया निदेशालय ने अधिक चालान, विदेश में धन के हस्तांतरण, संबंधित पार्टी लेनदेन और FPI के माध्यम से निवेश के आरोपों की जांच की थी..."

अदाणी समूह ने यह भी साफ़ किया कि जिन FPI का नाम लिया गया, वे पहले से भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की जांच का हिस्सा हैं.

समूह ने बताया, सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ समिति के अनुसार न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता आवश्यकताओं के उल्लंघन या स्टॉक की कीमतों में हेरफेर का कोई सबूत नहीं मिला है.

समूह के अनुसार, "दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमें सवाल भेजने वाले प्रकाशनों ने हमारी प्रतिक्रिया को पूरा प्रकाशित नहीं किया... सभी बातों के अलावा, इन प्रयासों का उद्देश्य हमारे शेयरों की कीमतों को नीचे लाकर मुनाफा कमाना है और शॉर्ट सेलरों की विभिन्न अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है..."

OCCRP के आरोपों को अदाणी ग्रुप ने बताया गलत - खास बातें

  • OCCRP ने दो विदेशी निवेशकों के ज़रिये इनसाइडर ट्रेडिंग का लगाया है आरोप
  • ये आरोप पुराने हैं और रिसाइकिल किए गए हैं : अदाणी
  • न्यायिक जांच में कुछ गलत नहीं मिला : अदाणी
  • इन विदेशी निवेशकों की जांच SEBI पहले ही कर रहा है : अदाणी
  • SC कमेटी की जांच में शेयर होल्डिंग नियमों का उल्लंघन नहीं मिला : अदाणी
  • SC, SEBI की जांच की कद्र करनी चाहिए : अदाणी
  • ये रिपोर्ट एक बार फिर से पैसा बनाने की कोशिश : अदाणी
  • इन शॉर्ट सेलरों की कई एजेंसियां कर रहीं जांच : अदाणी
  • अफसोस है, मीडिया रिपोर्ट्स में हमारा बयान शामिल नहीं किया गया : अदाणी


from NDTV India - Latest https://ift.tt/LNtH9E5